आजीवन कारावास की सजा काट रहे 37 कैदी गणतंत्र दिवस पर दिल्ली की जेलों से रिहा किये गए
आजीवन कारावास की सजा काट रहे 37 कैदियों को दिल्ली की जेलों से गणतंत्र दिवस पर रिहा कर दिया गया।
नयी दिल्ली, भाषा। आजीवन कारावास की सजा काट रहे 37 कैदियों को दिल्ली की जेलों से गणतंत्र दिवस पर रिहा कर दिया गया और पैरोल आवेदनों की प्रक्रिया तेज करने के उद्देश्य से एक ई-पैरोल ऑनलाइन प्रणाली शुरू करने की घोषणा की गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जेल महानिदेशक एस बी के सिंह ने जेल मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जहां दिल्ली जेल कर्मचारियों, तमिलनाडु विशेष पुलिस (टीएसपी) और अर्धसैनिक बलों द्वारा एक संयुक्त परेड का आयोजन किया गया था।सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने जेल में अच्छा आचरण बनाए रखने वाले कैदियों के लिए सरकार द्वारा सजा में छूट की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि महिला कैदियों और 65 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष कैदियों के लिए यह छूट 20 से 90 दिनों तक है, जबकि अन्य कैदियों को सजा की अवधि के आधार पर 15 से 60 दिनों तक की छूट मिलेगी।सिंह ने बताया कि सजा समीक्षा बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर, आजीवन कारावास की सजा काट रहे कुल 37 कैदियों को रिहा किया गया।

