सरकार अमेरिका को भारत के अंदरूनी मामलों में बोलने दे रही है : कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

राज्यसभा में कांग्रेस सदस्य सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सरकार अमेरिका के दबाव में झुक गयी है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तेल सहित देश के अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप करने दे रही है।

नयी दिल्ली, भाषा। राज्यसभा में कांग्रेस सदस्य सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सरकार अमेरिका के दबाव में झुक गयी है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तेल सहित देश के अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप करने दे रही है। ग्रामीण विकास मंत्रालय के कामकाज पर उच्च सदन में चर्चा में भाग लेते हुए गोहिल ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भारतीय किसानों के हितों की रक्षा नहीं की गयी।

गोहिल ने ट्रंप द्वारा बार-बार किए गए उस दावे का उल्लेख किया कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान टकराव रुकवाया था। कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनौती दी कि वह सदन में आकर यह स्पष्ट तौर कहें कि अमेरिकी राष्ट्रपति “झूठ बोल रहे हैं” तथा यदि वह ऐसा करते हैं तो विपक्ष उनका समर्थन करेगा।

कांग्रेस सांसद ने कहा, “आप ऐसा नहीं कह सकते।” उन्होंने कहा कि अवश्य ही कुछ मजबूरियां होंगी, जिनके कारण ट्रंप के दावों का खंडन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चर्चा के दौरान भाजपा की सदस्य संगीता बलवन्त ने कहा था कि आज विदेश में भारत की इज्जत बहुत बढ़ गयी गयी है। गोहिल ने कहा कि अमेरिका की पहले कभी ऐसी हिम्मत नहीं हुई कि वह हमारे देशवासी को हथकड़ी पहनाकर यहां भेजे।

कांग्रेस सांसद ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का नाम लिए बिना कहा कि देश में एक ऐसी प्रधानमंत्री थीं जिन्होंने कहा था कि चाहे सातवां बेड़ा भेजो या दसवां बेड़ा, ‘मेरा देश क्या निर्णय करेगा, यह मेरे देश के लोग और मेरी सरकार तय करेगी।’ रूसी तेल की खरीद पर अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “तेल कहां से खरीदना है, रूस से या कहीं और से, यह हमारी पसंद है, हमारा देश तय करता है। दुनिया में भारत का सम्मान कैसे बढ़ गया है?” उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण भारत के लोग, खासकर गांवों में रहने वाले, गैस आपूर्ति में व्यवधान के कारण भी परेशानी झेल रहे हैं।

Read More एअर इंडिया विमान हादसे की जांच रिपोर्ट जल्द ही सामने आएगी: के. राम मोहन नायडू

संबंधित समाचार