मुख्यमंत्री रेखा ने दीपावली को यूनेस्को सूची में शामिल किये जाने का स्वागत किया
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में दीपावली को शामिल किए जाने का स्वागत करते हुए।
नयी दिल्ली, भाषा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में दीपावली को शामिल किए जाने का स्वागत करते हुए इसे भारत के सभ्यतागत मूल्यों की ऐतिहासिक वैश्विक मान्यता बताया।गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान भारत की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा को मजबूत करता है और ‘‘भारत के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण’’ है।
साथ ही उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में दिल्ली इस वर्ष ‘भव्य दीपावली’ मनायेगी।उन्होंने कहा, ‘‘अब दुनिया दीपावली के बारे में और अधिक गहराई से जानेगी। हर राज्य इस पल को गर्व से मनायेगा। सभी को बधाई।’’गुप्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की ‘‘विकास भी, विरासत भी’’ की यात्रा को दर्शाता है।
उन्होंने लिखा, ‘‘एक ऐसा त्योहार जो हमारे घरों और दिलों में बसता है, आज विश्व द्वारा साझा किए गए सांस्कृतिक खजाने के रूप में मान्यता प्राप्त है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में, भारत की सभ्यतागत विरासत को ऐतिहासिक वैश्विक मान्यता मिल रही है।’’गुप्ता ने इसे ‘‘वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति का स्वर्णिम अध्याय’’ बताते हुए कहा कि भारत की सनातन परंपराओं की सार्वभौमिकता को विश्व के सर्वोच्च सांस्कृतिक मंच पर सम्मानित किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘दीपावली महज एक त्योहार नहीं है, बल्कि एक आध्यात्मिक प्रकाश है जो सदियों से मानवता को सत्य, आशा और नैतिकता के पथ पर अग्रसर करता आया है।’’उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ‘‘इस ऐतिहासिक फैसले का खुशी से स्वागत करती है।’’गुप्ता ने यूनेस्को और उन परिवारों, कारीगरों और भक्तों के प्रति भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस त्योहार की परंपराओं को संरक्षित रखा है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत की सांस्कृतिक उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ता है, इससे पहले योग, कुंभ, दुर्गा पूजा और गरबा को वैश्विक मान्यता मिल चुकी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली इस वर्ष एक विशेष ‘भव्य दीपावली’समारोह के साथ इस अवसर को मनाएगी, जिससे राष्ट्रीय राजधानी की सांस्कृतिक पहचान और गौरव को बल मिलेगा।

