ओडिशा में विमान दुर्घटना: दो यात्रियों को मुंबई ले जाया गया, एक वेंटिलेटर पर
ओडिशा के राउरकेला के पास एक छोटे विमान के आपात स्थिति में उतरते वक्त हुई दुर्घटना में घायल हुए दो यात्रियों को इलाज के लिए हवाई मार्ग से मुंबई ले जाया गया, जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति वेंटिलेटर पर है।
भुवनेश्वर, भाषा। ओडिशा के राउरकेला के पास एक छोटे विमान के आपात स्थिति में उतरते वक्त हुई दुर्घटना में घायल हुए दो यात्रियों को इलाज के लिए हवाई मार्ग से मुंबई ले जाया गया, जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति वेंटिलेटर पर है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। ओडिशा के राउरकेला के पास ‘इंडिया वन’ के नौ सीट वाले विमान के शनिवार दोपहर को आपात स्थिति में उतरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम छह लोग घायल हो गए।
दुर्घटनास्थल पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, ओडिशा सरकार के वाणिज्य एवं परिवहन विभाग की प्रधान सचिव उषा पाधी ने कहा कि दो घायल यात्रियों (दंपति) को उनकी निजी इच्छा पर आज सुबह मुंबई के एक अस्पताल में हवाई मार्ग से भेजा गया है। उन्होंने बताया, ‘‘दोनों यात्रियों का राउरकेला के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। वे आगे के इलाज के लिए मुंबई के अस्पताल जाना चाहते थे। राउरकेला के अस्पताल से अनुमति मिलने के बाद वे मुंबई के लिए रवाना हो गए।’’
एक अन्य अधिकारी के अनुसार, दोनों अपने खर्च पर मुंबई गए हैं। पाधी ने कहा कि एक अन्य घायल यात्री वेंटिलेटर पर है, और उनका गहन इलाज जारी है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि यात्री जल्द ही ठीक हो जाएगा, क्योंकि संबंधित व्यक्ति का पहले भी इसी अस्पताल में इलाज चल रहा था।’’ उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार घायल यात्रियों के परिवहन के लिए एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराएगी।
पाधी ने बताया कि चिकित्सा विशेषज्ञों की एक टीम का गठन किया गया है, जो राउरकेला के एक निजी अस्पताल में भर्ती घायल व्यक्तियों की स्वास्थ्य स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है। इस बीच, ओडिशा के विमानन निदेशालय ने एक बयान में कहा कि राउरकेला में विमान के उतरते वक्त दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में घायल दो महिलाओं और दो पायलटों सहित सभी छह लोगों की स्वास्थ्य स्थिति "सुरक्षित और स्थिर" है। इसने कहा, ‘‘एक यात्री को गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया है।’’

