बबराला में मिशन शक्ति के अंतर्गत नारी सुरक्षा व सम्मान पर रैली, छात्राओं को मिली जागरूकता
बबराला बाबूराम सिंह इंटर कॉलेज में सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सम्मान नारी सुरक्षा और नए स्वावलंबन विषय पर एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में थाना बबराला के इंचार्ज सहित पुलिस टीम और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
नेशनल एक्सप्रेस संवाददाता, गुन्नौर। बबराला बाबूराम सिंह इंटर कॉलेज में सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सम्मान नारी सुरक्षा और नए स्वावलंबन विषय पर एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में थाना बबराला के इंचार्ज सहित पुलिस टीम और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण से हुई, जहां पुलिस अधिकारियों और शिक्षकों ने छात्राओं को नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर प्रेरक विचार साझा किए।
थाना बबराला इंचार्ज ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति हेल्पलाइन, 112 और अन्य महत्वपूर्ण नंबरों पर संपर्क करने की जानकारी दी। रैली में छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारी सम्मान व सुरक्षा का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस टीम ने सभी विद्यार्थियों को सुरक्षा और जागरूकता से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए, जिनमें महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा के उपाय और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास जगाने का कार्य करते हैं और समाज को महिलाओं की सुरक्षा और समानता की दिशा में प्रेरित करते हैं। मिशन शक्ति के तहत आयोजित यह रैली छात्राओं और समाज दोनों के लिए एक प्रेरक पहल साबित हुई। इससे न केवल बालिकाओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश भी गया।

