बारामती विमान दुर्घटना: एएआईबी ने कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर से डेटा लेने के लिए विशेष सहायता मांगी
विमान दुर्घटना जांच एजेंसी एएआईबी ने मंगलवार को कहा कि पिछले महीने बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए ‘लीयरजेट 45’ विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष सहायता मांगी गई है।
नयी दिल्ली, भाषा। विमान दुर्घटना जांच एजेंसी एएआईबी ने मंगलवार को कहा कि पिछले महीने बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए ‘लीयरजेट 45’ विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष सहायता मांगी गई है।यह विमान वीएसआर वेंचर्स के स्वामित्व वाला था और 28 जनवरी को हुई भीषण विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने एक बयान में कहा कि विमान में दो स्वतंत्र उड़ान रिकॉर्डर लगे थे। एक बयान में कहा गया है कि दुर्घटना के दौरान दोनों रिकॉर्डर लंबे समय तक तीव्र गर्मी के संपर्क में रहे और आग से क्षतिग्रस्त हो गए।एएआईबी के अनुसार, एल3-कम्युनिकेशंस द्वारा निर्मित डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर) को उसकी फ्लाइट रिकॉर्डर प्रयोगशाला में सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया है।
जांच एजेंसी ने कहा, ‘‘हनीवेल द्वारा निर्मित कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। डेटा पुनर्प्राप्ति में विशेष सहायता के लिए निर्माता देश के मान्यता प्राप्त प्रतिनिधि से सहायता मांगी गई है।’’इस मामले में, उत्पाद का निर्माण अमेरिका में हुआ है।
सभी हितधारकों से अटकलों से बचने का अनुरोध करते हुए एएआईबी ने कहा कि वह एक व्यापक, वस्तुनिष्ठ और साक्ष्य-आधारित जांच सुनिश्चित करने के लिए सभी निर्धारित तकनीकी और प्रक्रियात्मक प्रोटोकॉल का सावधानीपूर्वक पालन कर रहा है।

