गांधी-शास्त्री जयंती का आयोजन, जिलाधिकारी ने दोनों महानायकों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, मुजफ्फरनगर (कोसर चौधरी)। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन हम सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा, "महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और सेवा भाव को जीवन में धारण कर भारत को स्वतंत्रता दिलाई।
वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने देश को 'जय जवान, जय किसान' का अमर नारा दिया।" जिलाधिकारी ने सभी से इन महान आदर्शों को आत्मसात करने और एक सशक्त व प्रभुत्वशाली राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों पर चलते हुए हमें सादगीपूर्ण व्यवहार के साथ जनता की समस्याओं का निराकरण करना चाहिए।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने सभी से स्वच्छ, समरस, आत्मनिर्भर व सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार राठौर, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित कलेक्ट्रेट के तमाम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार रखे और दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।