एलपीजी संकट: विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार को एलपीजी संकट के मुद्दे पर संसद परिसर में प्रदर्शन किया और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जवाब देने की मांग करते हुए नारे लगाए।

नयी दिल्ली, भाषा। विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार को एलपीजी संकट के मुद्दे पर संसद परिसर में प्रदर्शन किया और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जवाब देने की मांग करते हुए नारे लगाए। तृणमूल कांग्रेस सांसदों ने शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू किया। उन्होंने हाथों में पोस्टर लिये हुए थे और ‘एलपीजी संकट’ तथा सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला करते हुए नारे लगा रहे थे।

उनके साथ कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य घटक दलों के सांसद भी शामिल हुए। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, ‘‘देश में एलपीजी का बहुत बड़ा संकट है। लोग घबरा रहे हैं। परिवारों के सदस्य, बूढ़े लोग, जवान माता-पिता अपने सिलेंडर बुक करने के लिए लाइन में खड़े हैं, और सरकार यह जानकारी दे रही है कि आपको ढाई दिन में सिलेंडर मिल सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम प्रधानमंत्री को, मंत्रियों को चुनौती देते हैं कि वे जाकर पता करें कि बुकिंग पर लोगों को ढाई दिन में सिलेंडर कहां मिल रहे हैं।’’

मोइत्रा ने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री ने ‘‘देश से झूठ बोला’’ और कहा कि भारत के पास 75 दिनों का स्टॉक है। उन्होंने कहा, ‘‘जब यह गंभीर संकट बना हुआ है, तब प्रधानमंत्री केरल में चुनाव प्रचार कर रहे हैं; वह प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि चुनाव मशीन बन गए हैं। यह सच में शर्म की बात है।’’ कुछ विपक्षी सांसदों ने गैस सिलेंडर के बड़े कट-आउट पकड़े हुए थे, जबकि अन्य ने सिलेंडर और नारे वाले पोस्टर पकड़े हुए थे।

संबंधित समाचार