ईरान पर हमले का फैसला प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल छोड़ने के बाद किया गया : विदेश मंत्री सार
इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ईरान पर हवाई हमलों के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी जा सकी।
नयी दिल्ली, भाषा। इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ईरान पर हवाई हमलों के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी जा सकी, क्योंकि इस सैन्य कार्रवाई का निर्णय उनकी हालिया यात्रा के समाप्त होने के बाद लिया गया था।मोदी ने इजराइल की दो दिवसीय यात्रा की थी जो 26 फरवरी को समाप्त हुई।
उसके दो दिन बाद, इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य आक्रमण शुरू किया जिसमें ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई।'रायसीना डायलॉग' में डिजिटल तरीके से भाग लेते हुए सार ने कहा कि इजराइल के मोदी और भारत के साथ "बहुत अच्छे संबंध" हैं जो पिछले कुछ वर्षों में और प्रगाढ़ हुए हैं।उन्होंने कहा, ''लेकिन हम प्रधानमंत्री मोदी को इस बारे में जानकारी नहीं दे सके।
क्योंकि यह फैसला शनिवार सुबह लिया गया।''उन्होंने संकेत दिया कि हमला शुरू करने का निर्णय अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता विफल होने के कारण लिया गया।सार ने कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम जारी है, वह बैलिस्टिक मिसाइलें विकसित कर रहा है और हिजबुल्लाह, हमास और हूतियों का समर्थन कर रहा है।उन्होंने कहा, "शायद हम ईरान में शासन में बदलाव देख सकेंगे।’’

