पश्चिम एशिया में काम कर रहे ओडिशा के श्रमिकों के परिजनों में डर और चिंता व्याप्त
ईरान पर इजराइल-अमेरिका के हमलों और कई खाड़ी देशों में तेहरान द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई के कारण संघर्ष प्रभावित पश्चिम एशिया में फंसे ओडिशा के श्रमिकों के परिवारों में चिंता और भय का माहौल व्याप्त है
ब्रह्मपुर/केंद्रपाड़ा, भाषा। ईरान पर इजराइल-अमेरिका के हमलों और कई खाड़ी देशों में तेहरान द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई के कारण संघर्ष प्रभावित पश्चिम एशिया में फंसे ओडिशा के श्रमिकों के परिवारों में चिंता और भय का माहौल व्याप्त है और कई लोगों ने प्रशासन से अपने प्रियजनों की सुरक्षित निकासी की अपील की है। ओडिशा के विशेषकर गंजाम और केंद्रपाड़ा जिलों के कई श्रमिक, उड़ान रद्द होने और बढ़ते सुरक्षा तनाव के कारण संयुक्त अरब अमीरात, कतर और इजराइल जैसे देशों में फंसे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, गंजाम जिले के लगभग 200 लोग प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।
गंजाम के रंगेलुंडा प्रखंड के कुथारसिंह और भालियागड़ा गांवों के पीतांबर बेहरा और कृष्णा चरण डाकुआ अबू धाबी की एक निजी कंपनी में वेल्डर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि शहर में मिसाइल सायरन बजने के बाद वे तनावग्रस्त हो गये हैं। पीतांबर ने एक संदेश के माध्यम से कहा, ‘‘शनिवार को अपराह्न 12:30 से एक बजे के बीच काम करते समय हमने कम से कम तीन धमाकों की आवाज सुनी। हमने काले बादल देखे और हम अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।’’
पीतांबर अपने कार्यस्थल के पास साझा आवास में पांच अन्य लोगों के साथ रहते हैं। पीतांबर के छोटे भाई लालतेंदु बेहरा ने कहा, “खबर देखने के बाद मैंने शनिवार रात अपने बड़े भाई और उनके परिजनों की सुरक्षा का हाल जानने के लिए उन्हें तीन से चार बार फोन किया।’’ उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को लेकर परिवार काफी चिंतित है और लगातार संपर्क में रहने की कोशिश कर रहा है। दोहा में, कुथारसिंह गांव के भिखारी चरण सेठी, जो एक प्लंबर के रूप में काम करते हैं, ने कहा कि उनके आवास में रहने वाले लोग अलर्ट जारी होने के बाद डरे हुए हैं।
दुबई में काम करने वाले गंजाम निवासी सुदाम चरण भुइयां और सुनील कुमार पाहन ने बताया कि उनके नियोक्ता द्वारा छुट्टी घोषित किए जाने के बाद से वे पिछले दो दिनों से काम पर नहीं गए हैं। भुइयां ने कहा, ‘‘हम सुरक्षित तो हैं, लेकिन बार-बार सायरन बजने से डर के साए में जी रहे हैं।’’

