ईरान संकट: कश्मीर में विरोध-प्रदर्शनों के बीच सुरक्षा बलों को काफिलों की आवाजाही से परहेज का निर्देश
अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद कश्मीर में शुरू हुए विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर अधिकारियों ने सोमवार को सभी सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि वे कश्मीर में काफिलों की आवाजाही से परहेज करें।
श्रीनगर, भाषा। अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद कश्मीर में शुरू हुए विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर अधिकारियों ने सोमवार को सभी सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि वे कश्मीर में काफिलों की आवाजाही से परहेज करें। अधिकारियों ने कहा कि विरोध-प्रदर्शनों के कारण कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की वजह से मंगलवार को कश्मीर में सुरक्षा बलों को काफिलों की आवाजाही नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सेना के प्रशासनिक वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।
खामेनेई की मौत के बाद कश्मीर के कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुईं झड़पों में कम से कम 14 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें सुरक्षा बल के छह जवान और आठ प्रदर्शनकारी शामिल हैं। अब तक पूरी घाटी में 70 से अधिक विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। अधिकांश प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, लेकिन कुछ जगह हालात उस समय हिंसक हो गए जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया।

