आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर रविंद्रन एआई पर संरा के स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल में शामिल
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के प्रोफेसर बी रविंद्रन को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर संयुक्त राष्ट्र (संरा) के स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल में नियुक्त किया गया है। आईआईटी मद्रास ने मंगलवार को यह जानकारी दी है।
चेन्नई, भाषा। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के प्रोफेसर बी रविंद्रन को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर संयुक्त राष्ट्र (संरा) के स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल में नियुक्त किया गया है। आईआईटी मद्रास ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। रविंद्रन मौजूदा समय में वाधवानी स्कूल ऑफ डेटा साइंस एंड एआई के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। वह आईआईटी मद्रास में सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (सीईआरएआई) के संस्थापक प्रमुख भी हैं।
अगस्त 2025 में पारित संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव के तहत स्थापित स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल एआई पर एक वैश्विक वैज्ञानिक निकाय के रूप में काम करता है, जो विविध क्षेत्रों और विषयों के अग्रणी विशेषज्ञों को एक साथ लाकर यह आकलन करता है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता दुनियाभर में जीवन और समाजों को कैसे बदल रही है। आईआईटी मद्रास के निदेशक वी कामकोटि ने रविंद्रन की नियुक्ति पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “यह पैनल कृत्रिम बुद्धिमत्ता से हमारी दुनिया पर सकारात्मक प्रभाव हासिल करने की दिशा में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है।”

