अजित पवार विमान हादसा: रोहित ने सीबीआई जांच की मांग के लिए महाराष्ट्र सरकार पर साधा निशाना

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने सोमवार को महाराष्ट्र सरकार के उस फैसले की कड़ी आलोचना की।

मुंबई, भाषा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने सोमवार को महाराष्ट्र सरकार के उस फैसले की कड़ी आलोचना की, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कदम से जांच में केवल देरी होगी।कर्जत-जामखेड से विधायक रोहित पवार की यह टिप्पणी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस बयान के एक दिन बाद आई है।

जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे की सीबीआई जांच का आदेश देने का अनुरोध किया है। हादसे में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में रोहित पवार ने कहा कि सीबीआई जांच की मांग वाली एक रिपोर्ट पहले ही संबंधित केंद्रीय मंत्रालय, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) और मुख्यमंत्री सहित सभी संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसी के पास लगभग 7,000 लंबित मामले हैं, जिनमें से लगभग 2,500 मामले एक दशक से अधिक समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा, "हम महाराष्ट्र में जांच के नाम पर समय की इस बर्बादी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। सीआईडी ​​जांच कर सकती है।"रोहित पवार ने दावा किया कि दुर्घटना से संबंधित केवल 30 प्रतिशत जानकारी ही अब तक सार्वजनिक की गई है और 70 प्रतिशत सामग्री अब भी उनके पास है।

राकांपा (शप) नेता ने उन खबरों पर भी सवाल उठाए जिनमें कहा गया था कि दुर्घटनाग्रस्त लियरजेट 45 विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ जल गया। उन्होंने कहा कि ‘ब्लैक बॉक्स’ की तस्वीरें उन तक पहुंच चुकी हैं।रोहित पवार ने आगाह करते हुए कहा, "अगर कोई अनियमितता सामने आती है, तो इस सरकार को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।"उन्होंने इस मांग को भी दोहराया कि जांच पूरी होने तक नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू को अपने पद पर नहीं रहना चाहिए।

Read More आरबीआई के धोखाधड़ी नियमों के हर उल्लंघन की जांच अदालत नहीं कर सकती : बंबई उच्च न्यायालय

उन्होंने कहा कि अजित पवार के बिना यह पहला विधानसभा सत्र है, और याद दिलाया कि उनके दिवंगत चाचा आमतौर पर सदन में सबसे पहले आते थे और सबसे आखिर में जाते थे।रोहित ने कहा, "वह (अजित पवार) हमेशा कहते थे कि चाहे कुछ भी हो जाए, लड़ना चाहिए - इसीलिए हम लड़ रहे हैं।" उन्होंने कहा कि अजित पवार ने 11 बार राज्य का बजट पेश किया और सबसे अधिक बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड बना सकते थे।

Read More चिराग पासवान ने अपनी मां के राज्यसभा चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज किया

रोहित ने कहा कि समय रहता तो अजित पवार मुख्यमंत्री पद तक भी पहुंच सकते थे।बजट सत्र से पहले महा विकास आघाडी (एमवीए) की बैठक में राकांपा (शप) नेताओं की अनुपस्थिति के बारे में रोहित पवार ने कहा कि कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग स्थानों पर व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके।वरिष्ठ नेता शरद पवार का राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल में समाप्त होने के बारे में पूछे जाने पर, राकांपा (शप) नेता ने कहा कि पवार "साहब" छह दशकों के सार्वजनिक जीवन के साथ देश के सबसे अनुभवी नेता हैं और उनके मार्गदर्शन का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Read More छात्रों के बीच झड़प में हस्तक्षेप करने की कोशिश में यादवपुर विश्वविद्यालय के दो प्रोफेसर घायल

उन्होंने कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने भी चर्चा की इच्छा व्यक्त की है और राज्यसभा चुनावों के संबंध में विचार-विमर्श के दौरान सभी दल एकजुट रहेंगे।बाद में विधानसभा में बोलते हुए रोहित पवार ने कथित सिंचाई घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर परोक्ष रूप से निशाना साधा।उन्होंने कहा, ‘‘जब अजितदादा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे तो वह बहुत दुखी हुए, और जिन लोगों ने पहले उन्हें निशाना बनाया था, बाद में उन्हीं की प्रशंसा करने लगे।’’

राकांपा (शप) नेता ने कहा, ‘‘ये आरोप साबित नहीं हुए। देवेंद्र फडणवीस कहते थे कि अजितदादा उनके घनिष्ठ मित्र थे, लेकिन अब जब अजितदादा हमारे बीच नहीं हैं, तो उन पर लगे आरोपों के पुलिंदे को समुद्र में फेंक देना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।’’अपने दिवंगत चाचा को याद करते हुए रोहित पवार भावुक हो गए।रोहित पवार ने याद दिलाया कि अजित पवार ने दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से जमीनी स्तर से ऊपर उठकर सफलता हासिल की।

उन्होंने कहा, "कम उम्र में अपने पिता को खोने के बाद, पवार साहब (शरद पवार) ने अजित की देखभाल अपने बेटे की तरह की।"इस बीच, राकांपा (शप) विधायक जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि अजित पवार की मौत के मामले में जांच में देरी से संदेह पैदा हो गया है।उन्होंने कहा, “ब्लैक बॉक्स के जलने का दावा बड़ा संदेह पैदा करता है। ऐसा दुनिया में कहीं भी नहीं हुआ है। अगर जांच ही संदेह को हवा दे रही है, तो लोग किस पर विश्वास करेंगे?”

उन्होंने आरोप लगाया कि विमान को भारत में उड़ान भरने की अनुमति नहीं थी और 5,000 घंटे की सीमा के बावजूद उसने 8,000 घंटे उड़ान भरी थी।आव्हाड ने कहा कि अगर शरद पवार राज्यसभा चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं तो कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि एमवीए एकजुट है।

संबंधित समाचार