सुनेत्रा पवार राकांपा अध्यक्ष चुनी गईं, पार्टी राज्यसभा सीट के लिए उनके बेटे पार्थ को नामित करेगी
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को बृहस्पतिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया।
मुंबई, भाषा। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को बृहस्पतिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से चुना गया।सुनेत्रा के पति एवं तत्कालीन राकांपा प्रमुख अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के लगभग एक महीने बाद उन्हें पार्टी अध्यक्ष चुना गया।राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की बैठक के बाद सुनेत्रा पवार के अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की।
पटेल ने कहा कि पार्थ पवार को राज्यसभा सीट के लिए नामित किया जाएगा, जो उनकी मां सुनेत्रा पवार के इस्तीफे और राज्य की उपमुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हो गई थी।अध्यक्ष चुने जाने के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुनेत्रा ने कहा कि पार्टी ही उनका परिवार है और नयी भूमिका को संभालना उनके लिए एक भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
सुनेत्रा ने कहा कि पार्टी समाज के सभी वर्गों से जुड़ेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पीछे न छूटे।इस अवसर को भावुक और साथ ही साथ बड़ी जिम्मेदारी का क्षण बताते हुए सुनेत्रा पवार ने कहा कि पार्टी अभी भी अपने प्रिय नेता अजित पवार के असामयिक निधन से उबर नहीं पाई है।उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन से एक ऐसा शून्य उत्पन्न हो गया है जिसे कभी पूरी तरह से भरा नहीं जा सकता।
सुनेत्रा ने कहा, ‘‘मैंने अजित दादा को जीवन भर महाराष्ट्र के विकास के लिए संघर्ष करते देखा है। हम उनके सपने को अधूरा नहीं रहने देंगे...हम सब मिलकर इसे पूरा करेंगे।’’वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव में हार के बाद, सुनेत्रा पवार राकांपा के टिकट पर राज्यसभा सदस्य चुनी गई थीं।बारामती में 28 जनवरी को अजित पवार के निधन के बाद, सुनेत्रा ने संसद के उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

