ट्रक में घुसी सैफई डिपो की बस; चालक समेत तीन घायल

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

टूंडला क्षेत्र में गुरुवार सुबह टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही रोडवेज बस उसमें जा घुसी।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। टूंडला क्षेत्र में गुरुवार सुबह टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही रोडवेज बस उसमें जा घुसी। हादसे में बस चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाकर ट्रक चालक को हिरासत में लिया।फिरोजाबाद हाईवे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सैफई डिपो की रोडवेज बस मैनपुरी से सवारियां लेकर आगरा की ओर जा रही थी।

जैसे ही बस टोल प्लाजा के निकट पहुंची, सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पीछे से ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक अनुपम समेत यात्री राहुल (35) और छोटू (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। अन्य यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से हादसा हुआ। घायलों का उपचार जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार