समाधान दिवस में आईं 61 शिकायतों में से 10 का मौके पर हुआ समाधान
शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में जसराना तहसील में संपन्न हुआ।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में जसराना तहसील में संपन्न हुआ, दूर-दराज क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्या प्रस्तुत की, जिलाधिकारी द्वारा न केवल उनकी समस्याओं को सुना गया, बल्कि उनके निस्तारण की गुणवत्ता की भी सूक्ष्म समीक्षा की गई, इस दौरान कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 10 का मौके पर ही समाधान किया गया।
इस दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, विकास कार्य, विद्युत आपूर्ति, सामाजिक पेंशन एवं राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई । जिलाधिकारी ने अपने समक्ष आई, समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए उनका समाधान प्रस्तुत किया, साथ ही उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान का अर्थ कागजी खाना पूर्ति नहीं होना चाहिए बल्कि पीड़ित की संतुष्टि अवश्य होनी चाहिए । जनता की समस्याओं के निस्तारण में विलंब या हीला-हवाली किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
यदि किसी भी शिकायत को बिना ठोस कारण के लंबित पाया गया तो, संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी । बैठक के दौरान उप जिलाधिकारी राजेश शुक्ला, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी आदि उपस्थिति रहे ।

