रिटायर्ड फौजी से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर ठगी, बेटे को बचाने के झांसे में 2 लाख ट्रांसफर

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

थाना टूंडला क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त फौजी नरोत्तम सिंह को व्हाट्सएप कॉल कर बेटे की गिरफ्तारी का डर दिखाया गया।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद (रामपाल चौधरी)। थाना टूंडला क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त फौजी नरोत्तम सिंह को व्हाट्सएप कॉल कर बेटे की गिरफ्तारी का डर दिखाया गया। आरोपियों ने बलात्कार केस में फंसाने की बात कहकर समझौते के नाम पर रकम मांगी और अलग-अलग किस्तों में करीब दो लाख रुपये क्यूआर कोड के जरिए ट्रांसफर करा लिए। बैंक मैनेजर की सतर्कता से बड़ी ठगी टली। साइबर थाने में मुकदमा दर्ज।

जनपद फिरोजाबाद में साइबर अपराधियों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का नया हथकंडा अपनाते हुए एक रिटायर्ड फौजी को शिकार बना लिया। मामला टूंडला कोतवाली क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी का है, जहां रहने वाले नरोत्तम सिंह के पास सोमवार सुबह व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को जोधपुर पुलिस से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि उनके बेटे राहुल सिंह को एक दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने कहा कि घटना दोस्तों द्वारा की गई है, लेकिन राहुल भी मामले में फंस गया है।

मेडिकल और अन्य खर्चों के नाम पर 4.50 लाख रुपये तत्काल क्यूआर कोड पर भेजने की बात कही गई। बेटे के भविष्य की चिंता में घिरे नरोत्तम सिंह ने घबराहट में पहले 20 हजार, फिर 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद दामाद से 50 हजार और एक रिश्तेदार से 99,500 रुपये मंगवाकर कुल लगभग दो लाख रुपये भेज दिए। साइबर ठग लगातार उन्हें फोन पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखे हुए थे और बैंक से भी रकम निकालकर भेजने का दबाव बना रहे थे।

जब नरोत्तम सिंह बैंक पहुंचे तो मैनेजर ने पूरी बात सुनकर ठगी की आशंका जताई और तुरंत खाते का लेनदेन रुकवाया। बाद में जोधपुर में मौजूद पुत्रवधू से बात करने पर पता चला कि राहुल सिंह सुरक्षित हैं और नियमित ड्यूटी पर गए हैं। घटना की सूचना पर पीड़ित ने टूंडला पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामला साइबर थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Read More नोएडा मेट्रो (एक्वा लाइन) के विस्तार को मिली स्वीकृति एक ऐतिहासिक निर्णय : योगी आदित्यनाथ

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर गिरफ्तारी, डिजिटल अरेस्ट या समझौते के नाम पर धनराशि न भेजें और पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर सत्यापन अवश्य करें।

Read More शिकोहाबाद के सेंट के.एस. पब्लिक स्कूल में द्वितीय वार्षिकोत्सव धूमधाम से आयोजित

संबंधित समाचार