निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरा, मासूम की मौत; 11 मजदूर घायल
थाना उत्तर क्षेत्र के ककरऊ कोठी इलाके में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल का लेंटर गिरने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के ककरऊ कोठी इलाके में निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल का लेंटर गिरने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि 11 मजदूर घायल हो गए। प्रशासन ने तत्काल राहत-बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र स्थित ककरऊ कोठी इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।
निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर डाला जा रहा लेंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मलबे के नीचे दबकर तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि 11 मजदूर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अशोक यादव के मकान पर दूसरी मंजिल की छत डाली जा रही थी। आधे से अधिक लेंटर पड़ चुका था कि तभी नीचे लगी शटरिंग अचानक जवाब दे गई।
तेज धमाके के साथ लोहे का जाल और भारी मलबा नीचे आ गिरा, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन कर्मियों ने मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवाया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि हादसे में एक तीन वर्षीय बच्ची की मौत हुई है। 11 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से छह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच का इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर हैं।
एहतियातन मलबे की पूरी तरह जांच के लिए एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और व्यक्ति दबा न रह गया हो। ठेकेदार के अनुसार, मौके पर मौजूद सभी 15 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

