रूट डायवर्जन के बाद ऑटो चालकों की मनमानी चालू, बढ़ाया किराया
आगामी 15 फरवरी को पड़ने वाले महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन द्वारा रूट डायवर्जन की तैयारी की गई है।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, टूंडला। आगामी 15 फरवरी को पड़ने वाले महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन द्वारा रूट डायवर्जन की तैयारी की गई है।नगर के एटा रोड मार्ग से महाशिवरात्रि तक सैकड़ों कांवड़ें निकलेंगी, जिसको देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव की संभावना है। लेकिन रूट डायवर्जन के नाम पर ऑटो चालकों द्वारा मनमाने तरीके से किराया बढ़ा दिया गया है, जिससे राहगीरों और विशेषकर स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के सुभाष चौराहे पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है।वाहन कम और सवारियां अधिक होने के कारण लोग घंटों वाहनों का इंतजार करने को मजबूर हैं।इसी स्थिति का लाभ उठाते हुए ऑटो चालक निर्धारित किराये से अधिक वसूली कर रहे हैं।वहां पर खड़े स्कूली बच्चों ने बताया कि रजावली के लिए 50 रुपये,नगला बीच के लिए 30 रुपये और पचोखरा के लिए 20 रुपये प्रति सवारी किराया लिया जा रहा है।
बच्चों का कहना है कि घर से सीमित जेब खर्च मिलता है,ऐसे में रोजाना इतना अधिक किराया देना उनके लिए संभव नहीं है।गौरतलब है कि बीते दिनों नगर पालिका द्वारा 25 रुपये की रसीद को लेकर भी ऑटो चालकों ने कई बार हंगामा किया था।अब रूट डायवर्जन का हवाला देकर किराया बढ़ाने से आम जनता में रोष व्याप्त है।
राहगीरों का कहना है कि प्रशासन को इस ओर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए और ऑटो चालकों की मनमानी वसूली पर रोक लगानी चाहिए,ताकि आमजन और विद्यार्थियों को राहत मिल सके।महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर जहां श्रद्धालुओं की सुविधा प्राथमिकता होनी चाहिए, वहीं अव्यवस्था और मनमानी से लोग त्रस्त नजर आ रहे हैं।

