नकल माफिया पर बड़ा प्रहार, गैंगलीडर अखिलेश घोषित
प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जी प्रवेश पत्र बनाकर सॉल्वर बैठाने वाले गिरोह के सरगना अखिलेश को पुलिस ने नकल माफिया घोषित कर सख्त निगरानी में लिया है।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जी प्रवेश पत्र बनाकर सॉल्वर बैठाने वाले गिरोह के सरगना अखिलेश को पुलिस ने नकल माफिया घोषित कर सख्त निगरानी में लिया है। संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली कराने वाले गिरोह के सरगना अखिलेश को नकल माफिया घोषित कर दिया है।
थाना मटसेना में संख्या श0मा0-02/2026 के तहत पंजीकरण कर उसके खिलाफ निगरानी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, अखिलेश अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से कूटरचित प्रवेश पत्र तैयार करता था और सॉल्वर के माध्यम से वास्तविक अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा दिलवाता था। इस अवैध गतिविधि से वह लंबे समय से मोटी रकम अर्जित कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। थाना पुलिस व सर्विलांस टीम द्वारा अखिलेश और उसके नेटवर्क पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

