टूंडला में अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा
तहसील टूंडला क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की है।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद (रामपाल चौधरी)। तहसील टूंडला क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की है। खनन विभाग ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़कर सीज कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
टूंडला तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बीते कई दिनों से क्षेत्र में मिट्टी व अन्य खनिजों के अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाना टूंडला परिसर में खड़ा कराया गया, जबकि दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को एफएच चौकी पर निरुद्ध किया गया। दोनों वाहनों को नियमानुसार सीज कर दिया गया है।प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों ने भी प्रशासन की सख्ती का स्वागत किया है।
इस संबंध में खनन अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “किसी भी स्तर पर अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

