डिजिटल क्रांति: आईसीटी प्रतियोगिता में शिक्षक अभिषेक कुमार ने पाया प्रथम स्थान
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नगला अमान में जनपद स्तरीय 'आई.सी.टी. पुरस्कार प्रतियोगिता' का भव्य आयोजन हुआ।
नेशनल एक्सप्रेस, जसराना (छुट्टन खान)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नगला अमान में जनपद स्तरीय 'आई.सी.टी. पुरस्कार प्रतियोगिता' का भव्य आयोजन हुआ। इसमें जनपद के सभी 10 ब्लॉकों से आई.सी.टी. विशेषज्ञ के रूप में चयनित 4-4 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। तकनीकी नवाचारों की इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में विकास खंड जसराना के शिक्षक अभिषेक कुमार ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
तकनीक और नवाचार का संगम
अभिषेक कुमार ने अपनी प्रस्तुति में बताया कि कैसे स्मार्ट टीवी, क्यू आर कोड और स्वयं के यूट्यूब चैनल के माध्यम से कठिन विषयों को सरल बनाया जा सकता है। उन्होंने दीक्षा ऐप और रीड अलोंग जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन किया, जिससे बच्चों की सीखने की क्षमता में वृद्धि हो रही है।
निपुण भारत मिशन में तकनीकी सहयोग
अभिषेक न केवल अपने स्कूल, बल्कि ब्लॉक स्तर पर भी निपुण भारत मिशन और टीचर ऐप के संचालन में शिक्षकों का सहयोग करते हैं। डिजिटल स्कैनिंग और डेटा मैनेजमेंट में उनकी दक्षता को देखते हुए डायट प्राचार्य ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अभिषेक जैसे शिक्षक बेसिक शिक्षा विभाग को पूरी तरह डिजिटल और 'निपुण' बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

