कौशांबी में महिला ने पति की लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या की
कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थानाक्षेत्र में एक महिला ने शनिवार सुबह अपने पति की लाइसेंसी राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
कौशांबी (उप्र), भाषा। कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थानाक्षेत्र में एक महिला ने शनिवार सुबह अपने पति की लाइसेंसी राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार थानाक्षेत्र के पूरब शरीरा गांव निवासी संगीता देवी (42) पत्नी करण सिंह ने आज सुबह अपने पति की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। पुलिस के अनुसार करण सिंह परिजनों के साथ उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संगीता देवी अवसाद में थी, जिसका प्रयागराज में उपचार किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

