अतिकुपोषित पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, एनआरसी पोषण प्रबंधन कराए जाने के निर्देश
शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तृत समीक्षा बैठक की।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद (फहीम अंसारी)। शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तृत समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी ने जनपद में गंभीर अति कुपोषित श्रेणी के चिन्हित बच्चों का एनआरसी पोषण पुनर्वास केंद्र के माध्यम से पोषण प्रबंधन कराए जाने को प्राथमिकता प्रदान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी मुख्य सेविकाओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश दिए की गंभीर अतिकुपोषित श्रेणी के बच्चों को चिन्हित करके उनके अभिभावकों को पोषण पुनर्वास केंद्र के माध्यम से प्रदान की जा रही पोषण सुविधाओं के बारे में प्रोत्साहित करते हुए बच्चों को भर्ती कराया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन और पोषण प्रबंधन के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों के क्रियान्वयन के संबंध में शासन द्वारा निर्धारित पैरामीटर के अनुरूप समीक्षा के दौरान परियोजना क्षेत्र कुंदरकी और मुंडा पांडे की प्रगति खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई
निर्देश दिए की संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी गंभीरता बरतें तथा यह सुनिश्चित करें कि विभिन्न पैरामीटरों के अनुरूप किसी भी गतिविधि में राज्य के औसत प्रतिशत से कम प्रगति नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए की पोषाहार वितरण के साथ ही नियमानुसार तीन माह में एक बार फोर्टीफाइड चावल का वितरण भी अनिवार्य रूप से होना चाहिए, इसकी नियमित रूप से मॉनिटरिंग भी की जाए।
आंगनबाड़ी केंद्रों के अनुरक्षण के लिए प्राप्त धनराशि का भी सदुपयोग करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया साथ ही कहा कि केंद्रों के माध्यम से आयोजित होने वाली गतिविधियों की मॉनिटरिंग होनी चाहिए और वीएचएसएनडी सत्रों का भी गंभीरतापूर्वक आयोजन होना चाहिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी और जिला कार्यक्रम अधिकारी आशुतोष राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी, सीडीपीओ और मुख्य सेविकाएं मौजूद रही।

