मजदूरों से उनका हक छीनकर उन्हें मजबूर बनाए रखना चाहती है सरकार – रामनिवास यादव
रविवार को कांग्रेस के "मनरेगा बचाओ संग्राम" अभियान के तहत ग्राम किन्हरपुर में एक विशाल 'मनरेगा चौपाल' का आयोजन किया गया।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद (विपिन कुमार)। रविवार को कांग्रेस के "मनरेगा बचाओ संग्राम" अभियान के तहत ग्राम किन्हरपुर में एक विशाल 'मनरेगा चौपाल' का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि भाजपा सरकार गाँव के गरीब मजदूरों से काम का अधिकार छीनकर उन्हें आपस में लड़ाने की राजनीति कर रही है।
"मजदूरों को काम की कानूनी गारंटी कांग्रेस की डॉ. मनमोहन सिंह सरकार ने दी थी। आज उसी अधिकार के दम पर करोड़ों परिवार अपने बच्चों को शिक्षित कर गरीबी से बाहर निकल रहे हैं, लेकिन पूंजीपतियों की हितैषी मोदी सरकार को यह खुशहाली हजम नहीं हो रही है। मोदी जी चाहते हैं कि मजदूर हमेशा मजबूर बना रहे, ताकि उसे धर्म और जाति के नाम पर गुमराह कर सत्ता का सुख भोगा जा सके।"
उन्होंने कहा को सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए सारा दोष पंडित जवाहरलाल नेहरू पर मढ़कर जनता को 'उल्लू' बना रही है और देश को खोखला कर रही है। उन्होंने संकल्प लिया कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों के हक की इस लड़ाई को हर कीमत पर लड़ेगी।चौपाल में जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष रणवीर सिंह गुर्जर और जयपाल यादव ने भी मनरेगा बजट में कटौती और मजदूरों की समस्याओं पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सनमान सिंह गुर्जर ने की तथा संचालन जितेंद्र तिवारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से भवरसिंह प्रधान, विरभानसिंह, रामदेव सिंह, निवेदन सिंह, रामप्रवेश यादव, साहबसिंह, डॉ. जुगलकिशोर, अतेश कुमार, जयपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

