होली, दिवाली पर पात्र राशन कार्ड धारकों को मिलेगा मुफ्त एलपीजी सिलेंडर: रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा का एक और चुनावी वादा पूरा करने की घोषणा करते हुए मंगलवार को कहा कि होली और दिवाली पर वैध राशन कार्ड धारक परिवारों को मुफ्त में एलपीजी गैस सिलेंडर दिया जाएगा।
नयी दिल्ली, भाषा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा का एक और चुनावी वादा पूरा करने की घोषणा करते हुए मंगलवार को कहा कि होली और दिवाली पर वैध राशन कार्ड धारक परिवारों को मुफ्त में एलपीजी गैस सिलेंडर दिया जाएगा।गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिल्ली कैबिनेट ने एक एलपीजी सिलेंडर की कीमत के तौर पर 853 रुपये अंतरित करने का फैसला लिया।
यह धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के तहत पात्र लाभार्थियों के खातों में डाली जाएगी।उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन इस्तेमाल करने वाले पात्र राशन कार्ड धारकों को भी इसका लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस मुफ्त गैस सिलेंडर योजना के तहत 242 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
दिल्ली में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत फिलहाल 853 रुपये है।दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत आने वाले लाभार्थियों को प्रति गैस सिलेंडर 553 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। यह राशि केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी को समायोजित करने के बाद तय की गई है।
वहीं, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत नहीं आने वाले राशन कार्डधारक परिवारों को प्रति सिलेंडर 853 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना लागू करने, आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने और जरूरतमंदों को मात्र पांच रुपये में प्रति थाली भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन स्थापित करने के बाद अब दिल्ली सरकार ने फरवरी 2025 में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए भाजपा के एक और वादे को पूरा कर दिया है।
भाजपा के घोषणापत्र में होली और दीवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने के अलावा जरूरतमंद परिवारों को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया था। हालांकि, यह वादा अब तक पूरानहीं हो पाया है।

