मुख्यमंत्री उमर ने तीन परियोजनाओं को स्थगित करने के रेल मंत्रालय के फैसले का स्वागत किया
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को केंद्र शासित प्रदेश में तीन परियोजनाओं को स्थगित करने के रेल मंत्रालय के फैसले का स्वागत किया।
जम्मू, भाषा। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को केंद्र शासित प्रदेश में तीन परियोजनाओं को स्थगित करने के रेल मंत्रालय के फैसले का स्वागत किया। हालांकि मुख्यमंत्री ने कटरा और श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के फेरे और डिब्बों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया। इससे पहले दिन में पहलगाम से नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक अल्ताफ अहमद वानी ने जम्मू कश्मीर विधानसभा को सूचित किया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने श्रीनगर को पहलगाम और शोपियां से जोड़ने के लिए प्रस्तावित तीन रेलवे परियोजनाओं को स्थगित करने के निर्णय की घोषणा की है।
उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने आज शाम यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा, "रेलवे लाइन के संबंध में इन मार्गों के लिए जनता की कोई विशिष्ट मांग नहीं थी। वहां की सड़कें अच्छी स्थिति में हैं और उचित राजमार्ग पहले से ही निर्मित हैं। इन रेलवे लाइन के लिए प्रस्तावित मार्ग हमारे बागान और पर्यटन क्षेत्रों से होकर गुजरने थे, विशेष रूप से पहलगाम की ओर।" उन्होने कहा, "उन क्षेत्रों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, विधायकों और स्थानीय निवासियों ने मुझसे मुलाकात की और कहा कि इस रेलवे लाइन से उन्हें कोई लाभ नहीं होगा, बल्कि नुकसान ही होगा।
उन्होंने मुझसे केंद्र सरकार के सामने यह मामला उठाने का अनुरोध किया।" अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने इस मामले पर रेल मंत्री से कई बार चर्चा की और उनसे व्यक्तिगत रूप से इसका आकलन करने को कहा। उन्होंने कहा, "मैंने कहा कि अगर पहलगाम होते हुए लद्दाख तक रेल लाइन बिछाने का इरादा है या राजौरी-पुंछ को शोपियां होते हुए जोड़ने का तो हम इस पर सहमत हो सकते हैं।
लेकिन अगर रेलवे लाइन किसी वास्तविक मांग को पूरा किए बिना सिर्फ पहलगाम और शोपियां से गुजरती है तो इसका कोई खास फायदा नहीं होगा। बल्कि, इससे हमारी बेशकीमती जमीन का अधिग्रहण ही होगा।" मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जनता की भावनाओं को समझते हैं और परियोजनाओं को फिलहाल रोक दिया गया है। उन्होंने कहा, "यह निर्णय लेने से पहले इस मामले की पूरी तरह से जांच की गई थी।" हाल ही में हुए भारी हिमपात के बावजूद कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन के सफल संचालन के बारे में एक अन्य प्रश्न का उत्तर देते हुए,
उन्होंने कहा कि रेल संपर्क एक स्वागत योग्य कदम है, लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि ट्रेन के फेरे और डिब्बों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने ट्रेन के सफल संचालन पर रेलवे को बधाई दी, लेकिन साथ ही कहा, "इसके साथ ही मेरी दो गुजारिशें हैं - पहली, वंदे भारत ट्रेन के फेरे बढाए जाने चाहिएं; दूसरी, ट्रेन में डिब्बों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।"

