कर्नाटक: भाजपा ने आबकारी विभाग में करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया, मंत्री का इस्तीफा मांगा

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आबकारी विभाग में करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए मंत्री आरबी तिम्मापुर के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

बेंगलुरु, भाषा। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आबकारी विभाग में करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए मंत्री आरबी तिम्मापुर के तत्काल इस्तीफे की मांग की। पार्टी ने आरोपों की जांच की भी मांग की। विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग में लाइसेंस जारी करने और तबादलों को सुगम बनाने के लिए रिश्वत ली जा रही है।

उन्होंने कहा कि इससे संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की गई हैं और लोकायुक्त के पास शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। अशोक ने सदन में तीन पेन ड्राइव भी दिखाईं, जिनमें कथित तौर पर उनके आरोपों की पुष्टि करने वाले ऑडियो साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने कहा, “इस (आबकारी) विभाग में बहुत गबन हो रहा है। शराब व्यापारी संघ का कहना है कि मंत्री तिम्मापुर विभाग के प्रमुख बनने के काबिल नहीं हैं,

वे धन की लूट कर रहे हैं और सब कुछ वित्त विभाग को सौंप दिया जाना चाहिए, नहीं तो व्यापारी बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने उत्पीड़न के विरोध में हड़ताल पर जाने की धमकी भी दी है।” मंत्री तिम्मापुर ने आरोपों को खारिज कर दिया और इस्तीफा देने से इनकार कर दिया। अशोक ने आरोप लगाया कि जो घोटाला सामने आया है, वह लगभग 6,000 करोड़ रुपये का है और कहा कि इस संबंध में अखबारों में लेख और संपादकीय भी प्रकाशित हुए हैं।

संबंधित समाचार