स्टेट चैंपियनशिप में फिरोजाबाद का दमखम, 4 पदक के साथ ऐतिहासिक आगाज़
बरेली में आयोजित स्टेट बेंचप्रेस चैंपियनशिप में पहली बार उतरी फिरोजाबाद की पावरलिफ्टिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। बरेली में आयोजित स्टेट बेंचप्रेस चैंपियनशिप में पहली बार उतरी फिरोजाबाद की पावरलिफ्टिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते। श्वेता ने ‘स्ट्रॉन्ग वुमन ऑफ यूपी’ का खिताब हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। बरेली में हुई स्टेट बेंचप्रेस चैंपियनशिप में फिरोजाबाद की पावरलिफ्टिंग टीम ने अपने पहले ही राज्य स्तरीय मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन किया।
टीम के 7 खिलाड़ियों में से 4 ने पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। 63 किलो जूनियर वर्ग में श्वेता ने गोल्ड मेडल जीतते हुए ‘स्ट्रॉन्ग वुमन ऑफ उत्तर प्रदेश’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। वहीं 66 किलो सीनियर वर्ग में होशियार सिंह ने गोल्ड, जबकि कौशल यादव और हर्ष यादव ने अपने-अपने वर्गों में सिल्वर मेडल हासिल किए।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी। राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर आनंद यादव के नेतृत्व और कोच अरुण राज के मार्गदर्शन में टीम ने यह ऐतिहासिक सफलता दर्ज की।

