वार्ड 11 की गली बदहाल, जलापूर्ति व मरम्मत न होने पर आंदोलन की चेतावनी

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

नगर के वार्ड संख्या 11 में मस्जिद रोड स्थित एक संकरी गली में पाइपलाइन डालने के बाद भी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई।

नेशनल एक्सप्रेस, टूंडला। नगर के वार्ड संख्या 11 में मस्जिद रोड स्थित एक संकरी गली में पाइपलाइन डालने के बाद भी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई। सड़क व नालियां क्षतिग्रस्त होने से जलभराव बना हुआ है। समिति ने नगर पालिका को शीघ्र समाधान की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।टूंडला नगर पालिका के वार्ड संख्या 11 अंतर्गत मस्जिद रोड पर डॉ. इन्द्र सिंह यादव के मकान के समीप स्थित करीब तीन फुट चौड़ी गली लंबे समय से उपेक्षा का शिकार बनी हुई है।

स्थानीय समिति के अनुसार पालिका द्वारा गली में पानी की पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन चार माह बीतने के बाद भी इसे मेन लाइन से नहीं जोड़ा गया है और न ही आसपास के मकानों को जल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। पाइपलाइन कार्य के दौरान गली की इंटरलॉकिंग सड़क और नालियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे आए दिन जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इससे बुजुर्गों और बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा पूर्व में फिसलकर गिरने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

समिति ने मांग की है कि पाइपलाइन को तत्काल मेन लाइन से जोड़ा जाए, गली की सड़क का पुनः निर्माण कराया जाए और एक माह के भीतर दो स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएं। चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर पालिका टूंडला के खिलाफ जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पालिका परिषद की होगी।

संबंधित समाचार