राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा : जीवन रक्षा संदेश के साथ आमजन को जागरूक करें- विधायक ठाकुर रामवीर
परिवहन विभाग मुरादाबाद द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी–31 जनवरी 2026 के अंतर्गत समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह रहे।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद। परिवहन विभाग मुरादाबाद द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी–31 जनवरी 2026 के अंतर्गत समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह रहे। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के संदेश के साथ आमजन को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया। सड़क सुरक्षा सिर्फ एक अभियान नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन की सुरक्षा का प्रतीक है।
सभी इस प्रयास में सहयोग करें और सड़क सुरक्षा को अपना प्राथमिकता बनाएं। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत क्रम में शनिवार को सम्भागीय परिवहन कार्यालय मुरादाबाद में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ठाकुर रामवीर सिंह विधायक कुन्दरकी ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमें जिम्मेदार नागरिक होने के नाते सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मोबाईल फोन से रील बनाने की जगह जल्द से जल्द उसे अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करनी चाहिए।
उन्होने कार्यक्रम में सम्मानित किए गए राह-वीरों के द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की तथा अन्य सभी को उनसे प्रेरणा लेने का आवाहन किया। उन्होने कहा कि स्कूली छात्रों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर तथा परिवहन विभाग से वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के पश्चात ही दो पहिया वाहन का संचालन करना चाहिए। राजेश सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी, मुरादाबाद एवं संदीप कुमार पंकज, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), मुरादाबाद द्वारा मुख्य अतिथि को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजेश सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी, मुरादाबाद ने कहा कि राह-वीरों द्वारा किए जा रहे नेक कार्यों से प्रेरणा लेकर यदि हम किसी एक सड़क दुर्घटना पीड़ित का भी जीवन बचाने में सफल हो पाए तो हमारा जीवन तथा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा कार्यक्रम का आयोजन सफल हो जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी का उद्घाटन लाल रंग का फीता काट कर किया गया।
सड़क सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 05 राह-वीर, 03 स्काउट गाइड मास्टर ट्रेनर, 04 आपदा मित्र, 02 रोड सेफ्टी क्लब, 06 रोडवेज चालकों, आर्शीवाद एन०जी०ओ० तथा 05 यातायात पुलिस कर्मियों का सम्मान प्रशस्ति पत्र के साथ हेलमेट देकर किया गया। संदीप कुमार पंकज, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), मुरादाबाद ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महीपाल सिंह, वरिष्ठ सहायक तथा श्री कपिल रस्तौगी द्वारा किया गया।

