फिरोजाबाद में चोरों का तांडव, लाखों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ
जनपद के कर्बला गली नंबर-6 में बीती रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद (मनीष राजपूत)। जनपद के कर्बला गली नंबर-6 में बीती रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित बाहर गए हुए थे। पीड़ित बृजेश कुमार पुत्र गोपाल, निवासी कर्बला गली नंबर-6, ने बताया कि वह गुरुवार को अपनी बहन के यहां गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर के मुख्य गेट की कुंडी काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सभी ताले तोड़ दिए और कीमती जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए।घटना की जानकारी तब हुई जब पास में रहने वाले छोटे भाई को पड़ोसियों ने सूचना दी कि घर का ताला टूटा पड़ा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और बृजेश कुमार को चोरी की जानकारी दी।
परिवार के लोग जब घर लौटे तो सारा कीमती सामान और नकदी गायब मिली।चोरी की इस वारदात के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

