रोडवेज बस की टक्कर से बिजलीकर्मी की मौत, चालक फरार
थाना पचोखरा क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। सिकरारी गांव के पास रोडवेज बस ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
नेशनल एक्सप्रेस, टूंडला। थाना पचोखरा क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। सिकरारी गांव के पास रोडवेज बस ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बिजलीकर्मी शिवम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक रिंकू निवासी गढ़ी जाफर और शिवम निवासी नगला सिंघी बाइक से टूंडला की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पचोखरा पुलिस मौके पर पहुंची
दोनों घायलों को तत्काल एफएच मेडिकल कॉलेज भेजा गया,जहां उपचार के दौरान शिवम ने दम तोड़ दिया। बताया गया है कि शिवम बिजली विभाग में कार्यरत था। घटनास्थल से पुराने बिजली मीटर भी मिले हैं, जिससे आशंका है कि दोनों युवक मीटर बदलने का काम कर रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने बस की पहचान कर ली है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष अमित तोमर ने बताया कि घायलों की हालत गंभीर होने के कारण तत्काल अस्पताल भेजा गया था। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। "" वहीं स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार रोडवेज बसों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था सख्त करने की मांग उठाई है।""

