पंजाब: जेल में बंद अपने नेताओं की रिहाई की मांग कर रहे किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे गए
बठिंडा में शुक्रवार को उस वक्त हंगामा हो गया जब किसान नेताओं ने दावा किया कि पुलिस ने दो गिरफ्तार भाकियू (एकता उग्रहान) सदस्यों की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
बठिंडा, भाषा। बठिंडा में शुक्रवार को उस वक्त हंगामा हो गया जब किसान नेताओं ने दावा किया कि पुलिस ने दो गिरफ्तार भाकियू (एकता उग्रहान) सदस्यों की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।इस हंगामे के कारण बठिंडा-चंडीगढ़ राजमार्ग पर घंटों तक यातायात जाम रहा।
पुलिस के अनुसार, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि किसानों ने अवरोधक पार करने की कोशिश की, किसानों को बाद में तितर-बितर कर दिया गया और यातायात बहाल कर दिया गया।इससे पहले, शुक्रवार की सुबह भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्रहान) के कई नेताओं को संगठन के विरोध प्रदर्शन से पहले राज्य भर में पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया था।
किसान संघ ने यहां जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी और भुचो खुर्द गांव में एक सभा आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा था।किसान नेताओं ने कहा कि जब उन्होंने विरोध प्रदर्शन के लिए यहां जिला प्रशासनिक परिसर की ओर बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल कर उन्हें रोकने की कोशिश की।

