वीएसआर वेंचर्स का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच अंतिम चरण में : एएआईबी
विमानन हादसों की जांच करने वाली एजेंसी वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने सोमवार को कहा कि मुंबई हवाई अड्डे पर सितंबर 2023 में वीएसआर वेंचर्स के स्वामित्व वाले लियरजेट 45 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच अब अंतिम चरण में है।
नयी दिल्ली, भाषा। विमानन हादसों की जांच करने वाली एजेंसी वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने सोमवार को कहा कि मुंबई हवाई अड्डे पर सितंबर 2023 में वीएसआर वेंचर्स के स्वामित्व वाले लियरजेट 45 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच अब अंतिम चरण में है। महाराष्ट्र के बारामती में 28 जनवरी को जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था वह भी वीएसआर वेंचर्स के स्वामित्व वाला ‘लियरजेट 45’ ही था। इस हादसे में महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
बारामती विमान हादसे के बाद एएआईबी द्वारा सितंबर 2023 में हुई दुर्घटना पर अपनी अंतिम रिपोर्ट प्रकाशित करने में हुई देरी पर सवाल उठाए जा रहे हैं क्योंकि उक्त हादसे में भी विमानन कंपनी और विमान मॉडल एक था। एएआईबी ने इस पृष्ठभूमि में कहा कि जांच टीम ने उस दुर्घटना से संबंधित सभी सबूतों और अन्य दस्तावेजों का विश्लेषण किया है। एजेंसी ने एक बयान में कहा, ‘‘जांच अपने अंतिम चरण में है। जांच टीम प्राथमिकता के आधार पर अपनी रिपोर्ट को अंतिम रूप देने की कोशिश की रही है।’’
मुंबई हवाई अड्डे पर 14 सितंबर 2023 को लियरजेट-45 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। ब्यूरों ने बताया, ‘‘ उस विमान ने विशाखापत्तनम हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और मुंबई हवाई अड्डे पर उतरते समय रनवे 27 के दाईं ओर फिसल गया और टैक्सीवे डब्ल्यू और एन के मध्य दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया।’’ हादसे के समय में विमान में कुल आठ लोग सवार थे जिनमें से सह पायलट गंभीर रूप से घायल हुआ था जबकि बाकी अन्य को मामूली चोटें आई थीं।

