दुर्घटना के बाद अजित पवार के विमान में आग लग गई, कई धमाके हुए: प्रत्यक्षदर्शी

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान बुधवार सुबह पुणे के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले ''हवा में थोड़ा अस्थिर'' प्रतीत हुआ और जमीन से टकराते ही उसमें विस्फोट हो गया।

मुंबई, भाषा। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान बुधवार सुबह पुणे के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले ''हवा में थोड़ा अस्थिर'' प्रतीत हुआ और जमीन से टकराते ही उसमें विस्फोट हो गया। एक महिला प्रत्यक्षदर्शी ने यह जानकारी दी। इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान आग की लपटों में घिर गया और इसके बाद लगातार चार से पांच विस्फोट हुए। अधिकारियों के अनुसार, पवार (66) और चार अन्य लोगों को लेकर जा रहा विमान बारामती हवाई अड्डे पर सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इस हादसे में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।  महिला ने बताया कि उसने सुबह विमान को बारामती हवाई अड्डे के ऊपर चक्कर लगाते हुए देखा था। महिला ने एक समाचार चैनल से कहा, “विमान ने हवा में एक चक्कर लगाया, यह थोड़ा अस्थिर दिखाई दे रहा था। जब विमान उतरने के लिए रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी वह ज़मीन से ज़ोर से टकराया और विस्फोट हो गया। एक तेज़ धमाके की आवाज़ हुई, जो हमारे घर तक सुनाई दी।’’

उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद विमान के कई हिस्से हवा में उछले और मलबे का कुछ हिस्सा उनके घर के पास भी गिरा। उन्होंने कहा, ‘‘विमान नीचे गिरने से पहले एक तरफ झुक गया था। हमने विस्फोट देखा और यह बहुत भयावह था।’’ एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने भी कहा कि ऐसा लग रहा था कि उतरते समय विमान का नियंत्रण बिगड़ गया था। उन्होंने पत्रकारों को बताया, ‘‘जिस तरह से विमान नीचे आ रहा था, उससे हमें लगा कि वह दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा।

वह हवाई पट्टी से लगभग 100 फुट ऊपर था। जैसे ही हम विमान की ओर दौड़े, हमने आग की लपटें देखीं जिसके बाद लगातार चार से पांच धमाके हुए, जिन्होंने हमें विमान के पास नहीं जाने को लेकर बाध्य किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आग बहुत भीषण थी। बाद में हमें पता चला कि पवार विमान में सवार थे। यह हमारे लिए चौंकाने वाली बात थी।’’ एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी प्रमोद मदुरीकर ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद शवों की पहचान करके उन्हें एंबुलेंस में भेज दिया गया, जबकि बचाव व आपात अभियान में मदद के लिए दमकल विभाग के कर्मी लगभग उसी समय घटनास्थल पर पहुंच गए।

Read More विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच हो: ममता बनर्जी

उड़ानों की निगरानी करने वाली ‘फ्लाइट रडार’ के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह लगभग आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार से गायब हो गया। पवार राज्य में पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के वक्त उसमें पांच लोग सवार थे। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद आग लग गई थी। उन्होंने आगे कहा, ‘‘विमान में सवार लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।’’

Read More लोकसभा ने अजित पवार, खालिदा जिया को श्रद्धांजलि दी

संबंधित समाचार