कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ डकैती व मारपीट का मुकदमा
थाना क्षेत्र के नगला नथुआ में गल्ला गोदाम पर हमला, मारपीट और लूट के मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
नेशनल एक्सप्रेस, जसराना। थाना क्षेत्र के नगला नथुआ में गल्ला गोदाम पर हमला, मारपीट और लूट के मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित बृजमोहन उर्फ विरजू पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी नगला नथुआ ने एडीजे द्वितीय/डकैती कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।प्रार्थना पत्र के अनुसार घटना 10 अक्टूबर 2025 की रात करीब 10:15 बजे की है।
बृजमोहन अपने भाई के साथ घिरोर रोड स्थित गल्ला गोदाम पर बैठे थे। आरोप है कि दो गाड़ियों में सवार होकर रजनी यादव पुत्री रामबाबू निवासी दिल्ली हाल निवासी प्रेम नगर शिकोहाबाद, उसकी मां सुधा देवी, चाची, अनिल, पवन, प्रवीन समेत आठ अज्ञात लोग लाठी, डंडा, सरिया व हथियार लेकर गोदाम में घुस आए। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया गया।
बीच-बचाव करने आए भाई के साथ भी मारपीट की गई और गल्ले में रखे 45 हजार रुपये लूट लिए गए।शोर सुनकर पिता व ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल बृजमोहन को थाने ले जाया गया, जहां से अस्पताल भेजा गया। उसी दिन मेडिकल कराया गया, जिसमें सिर, हाथ, पैर व शरीर पर चोटें पाई गईं। पीड़ित का आरोप है कि थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई,
बल्कि उल्टे झूठे मुकदमे में उसे जेल भेज दिया गया।पीड़त ने यह भी आरोप लगाया कि रजनी यादव ने साजिश के तहत स्वयं को डॉक्टर बताकर और रेप केस में फंसाने की धमकी देकर वर्ष 2023 से 2025 के बीच करीब 12.04 लाख रुपये की ठगी की। इसका साक्ष्य बैंक खाते के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन बताए गए हैं।
19 नवंबर 2025 को एसएसपी को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।अदालत ने मामले को संज्ञेय मानते हुए थाना जसराना को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

