फिरोजाबाद पुलिस का चाइनीज माँझे के खिलाफ विशेष अभियान, दुकानों पर छापेमारी

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

जनपद में चाइनीज माँझे के उपयोग, बिक्री व भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए फिरोजाबाद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। जनपद में चाइनीज माँझे के उपयोग, बिक्री व भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए फिरोजाबाद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में पतंग व मांझा बेचने वाली दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। पुलिस टीमों ने दुकानों पर पहुंचकर चाइनीज माँझे की जांच की तथा अवैध रूप से क्रय-विक्रय एवं भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

कई दुकानदारों को चेतावनी दी गई, जबकि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विधिक कार्रवाई भी की गई।अभियान के दौरान दुकानदारों एवं आमजन को चाइनीज माँझे से होने वाली दुर्घटनाओं, गंभीर चोटों, जनहानि तथा पर्यावरणीय क्षति के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि चाइनीज माँझा न केवल मानव जीवन के लिए घातक है, बल्कि पक्षियों व अन्य जीव-जंतुओं के लिए भी अत्यंत नुकसानदायक है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि चाइनीज माँझा पूर्णतः प्रतिबंधित है, इसलिए केवल सूती अथवा बायोडिग्रेडेबल माँझे का ही उपयोग करें। यदि कहीं भी चाइनीज माँझे का अवैध भंडारण, बिक्री या उपयोग होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

संबंधित समाचार