शटरिंग खोलते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिजनों में कोहराम

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

जनपद के थाना नारखी अंतर्गत विकास खंड के बछगांव में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। जनपद के थाना नारखी अंतर्गत विकास खंड के बछगांव में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूर की 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ।

बछगांव में एक इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था, जहाँ मजदूर शटरिंग खोलने के काम में जुटे थे। काम के दौरान लोहे का एक गाटर (बीम) अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से टकरा गया। गाटर में करंट प्रवाहित होते ही वहां काम कर रहा मजदूर राधे (पुत्र रामपाल) उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। आस-पास मौजूद ग्रामीणों और अन्य मजदूरों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक राधे, कोटला नारखी के पथरऊआ का निवासी बताया जा रहा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर नारखी थाना अध्यक्ष राकेश कुमार गिरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

संबंधित समाचार