मैनाठेर के गागन तिराहे पर नई पुलिस चौकी का शुभारंभ, अपराध पर लगेगा अंकुश
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को मैनाठेर के गागन तिराहे पर नवनिर्मित पुलिस चौकी का शुभारंभ किया गया।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद (अरशद)। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को मैनाठेर के गागन तिराहे पर नवनिर्मित पुलिस चौकी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल और कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर चौकी का उद्घाटन किया। मौके पर एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि गागन तिराहे पर पुलिस चौकी स्थापित होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की सतर्कता बढ़ेगी जिससे अपराधों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।

उन्होंने पुलिस कर्मियों को आमजन से संवेदनशील व्यवहार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि नई चौकी से क्षेत्रवासियों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा और उन्हें छोटी शिकायतों के लिए थाने तक नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इसे जनता की सुविधा और सुरक्षा की दिशा में अहम पहल बताया।
उद्घाटन कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री अनिल कुमार, मेयर विनोद अग्रवाल, जिलापंचायत अध्यक्ष डॉक्टर शैफाली, डीएम अनुज सिंह, एसएसपी सतपाल अंतिल, थाना प्रभारी किरनपाल सिंह, चौकी प्रभारी आकाश सहित पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने चौकी खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया।

