रोडवेज के रंग में दौड़ रही प्राइवेट बस पर कार्रवाई
नगर के सुभाष चौराहे पर एटा से आगरा जा रही एक निजी बस, जिसे उत्तर प्रदेश रोडवेज की तर्ज पर रंगा गया था, को ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया।
नेशनल एक्सप्रेस, टूण्डला (रामपाल चौधरी)। नगर के सुभाष चौराहे पर एटा से आगरा जा रही एक निजी बस, जिसे उत्तर प्रदेश रोडवेज की तर्ज पर रंगा गया था, को ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। आरोप है कि बस चालक-परिचालक रोडवेज की तरह टिकट जारी कर यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे थे और विरोध करने पर अभद्रता भी करते थे।नगर एटा-आगरा मार्ग पर संचालित एक निजी बस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
बस को उत्तर प्रदेश रोडवेज के समान रंग-रूप में रंगकर चलाया जा रहा था, जिससे यात्री उसे सरकारी बस समझ बैठते थे। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने उक्त बस को नगर टूण्डला के सुभाष चौराहे पर पकड़कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।सूत्रों के अनुसार, बस संचालक यात्रियों को रोडवेज की तर्ज पर टिकट पर्ची भी दे रहे थे। रंग और टिकट व्यवस्था के कारण आम यात्रियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही थी।
साथ ही, यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक धनराशि वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। विरोध करने पर यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप भी लगे हैं। बताया गया कि इसी तरह की कई अन्य बसें भी रोडवेज के रंग में संचालित हो रही हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब सवाल उठ रहा है कि ऐसे मामलों में व्यापक स्तर पर सख्त कदम कब उठाए जाएंगे। ट्रैफिक विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

