अजित पवार से जुड़ा विमान हादसा: डीजीसीए की टीम ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के वरिष्ठ अधिकारियों की चार सदस्यीय टीम ने बुधवार को पुणे जिले के बारामती के पास विमान हादसे वाली उस जगह का दौरा किया
पुणे, भाषा। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के वरिष्ठ अधिकारियों की चार सदस्यीय टीम ने बुधवार को पुणे जिले के बारामती के पास विमान हादसे वाली उस जगह का दौरा किया, जिसमें पिछले महीने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोग मारे गए थे। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने 28 जनवरी की घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की समीक्षा की।
पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास लियरजेट विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से अजित पवार, कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विदिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली की मौत हो गई थी।नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा था कि विमान दुर्घटना की जांच समयबद्ध तरीके से की जाएगी।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने घटनास्थल का दौरा किया था, और विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया था।इस संबंध में एक अधिकारी ने 30 जनवरी को कहा था कि महाराष्ट्र अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने विमान दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

