एसकेएम ने किसानों से यूनियन कार्यकर्ताओं की आम हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने किसानों से बृहस्पतिवार को होने वाली अखिल भारतीय आम हड़ताल को सफल बनाने के लिए श्रमिक संगठन कार्यकर्ताओं के साथ जुड़ने का आह्वान किया है।
नयी दिल्ली, भाषा। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने किसानों से बृहस्पतिवार को होने वाली अखिल भारतीय आम हड़ताल को सफल बनाने के लिए श्रमिक संगठन कार्यकर्ताओं के साथ जुड़ने का आह्वान किया है। एसकेएम ने एक बयान में कहा कि हड़ताल में चार श्रम संहिताओं, बिजली विधेयक-2025, बीज विधेयक-2025 और वीबी-जी राम जी अधिनियम-2025 की वापसी, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, योजना श्रमिकों सहित श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी का कार्यान्वयन और अन्य मांगें शामिल हैं।
बयान में कहा गया कि कृषि श्रमिक संघों और एनआरईजीए संघर्ष मोर्चा (एनएसएम) का मंच भी देश भर में होने वाले विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करेगा और उनमें भाग लेगा। इसमें कहा गया, ‘‘एसकेएम जनता से केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किसानों, श्रमिकों और आम लोगों पर किए जा रहे सभी नए हमलों का विरोध करने का आह्वान करता है।’’
एसकेएम ने कहा, ‘‘ एसकेएम सभी किसानों से सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन में शामिल होने, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले जलाने के अलावा मुक्त व्यापार समझौतों की प्रतियां जलाने की अपील करता है। यह औद्योगिक श्रमिकों के साथ एकजुटता दिखाने और सरकार की सभी जनविरोधी, कॉर्पोरेट समर्थक नीतियों के खिलाफ एक प्रदर्शन है।’’

