दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जीबी पंत अस्पताल में 31 करोड़ रुपये की चिकित्सा सुविधाओं का उद्घाटन किया
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जीबी पंत अस्पताल में एक सीटी स्कैनर और तंत्रिका ‘कैथ लैब’ सहित नवीनतम चिकित्सा अवसंरचना का लोकार्पण करते हुए।
नयी दिल्ली, भाषा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जीबी पंत अस्पताल में एक सीटी स्कैनर और तंत्रिका ‘कैथ लैब’ सहित नवीनतम चिकित्सा अवसंरचना का लोकार्पण करते हुए कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।गुप्ता ने कहा कि उत्तर भारत में नवीनतम कंप्यूटरीकृत टोमोग्राफी (सीटी) स्कैनर से तंत्रिका और हृदय संबंधी विकारों एवं कैंसर का त्वरित पता लगाने में मदद मिलेगी और यह जीवनरक्षक साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने ‘कैथ लैब’ के उद्धाटन को 1964 में स्थापित इस अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में एक बड़ी छलांग बताया।उन्होंने 16 बिस्तरों वाले नवीनीकृत न्यूरो आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) का भी उद्घाटन किया और कहा कि ये तीनों सुविधाएं 31 करोड़ रुपये के खर्च से विकसित की गई हैं।गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के सभी अस्पतालों में ऐसी नवीनतम चिकित्सा अवसंरचना होनी चाहिए, ताकि शहर को स्वास्थ्य सेवा केंद्र बनाया जा सके।

