फिरोजाबाद में अजीब मामले से सब हैरान, साथ रहने की जिद पर अड़ीं दो युवतियां, चर्चा का विषय

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

थाना उत्तर क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब घर से निकली दो युवतियों को परिजनों ने साथ रहने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब घर से निकली दो युवतियों को परिजनों ने साथ रहने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया। दोनों के बीच गहरे संबंध बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शुक्रवार को फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में दो 18 वर्षीय युवतियों को लेकर पारिवारिक विवाद सार्वजनिक हो गया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवतियां घर छोड़कर साथ रहने के इरादे से निकली थीं। परिजनों को शक होने पर तलाश की गई और उन्हें थाना उत्तर के समीप रोक लिया गया। मौके पर परिजनों और युवतियों के बीच काफी देर तक बहस और तनाव की स्थिति बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों एक-दूसरे से अलग होने को तैयार नहीं थीं और साथ रहने की बात पर अडिग रहीं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी करीब तीन माह पूर्व दोनों घर से निकलकर हरियाणा चली गई थीं।

उस समय गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने उन्हें बरामद कर परिवारों को सौंप दिया था। बाद में एक युवती को रिश्तेदारी में भेज दिया गया था, जो हाल ही में वापस लौटी थी। थाना उत्तर के प्रभारी निरीक्षक अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभी परिजन आपसी सहमति से मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन युवतियों के रुख को देखते हुए स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।

संबंधित समाचार