पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, हालत स्थिर

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

जनपद के अरांव थाना क्षेत्र के भरौल गांव में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। जनपद के अरांव थाना क्षेत्र के भरौल गांव में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। गर्दन में छर्रे लगने से घायल युवक को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

अरांव थाना क्षेत्र के गांव भरौल में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बालू उतारने पहुंचे एक युवक पर अचानक फायरिंग कर दी गई। जानकारी के अनुसार भरौल निवासी अभिषेक अपने ताऊ ब्रजेश के मकान पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से बालू डालने गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान गांव का दिनेश कुमार वहां पहुंच गया। दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दिनेश ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली के छर्रे अभिषेक की गर्दन में जा लगे, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। परिजन घायल युवक को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे,

जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई है। सूचना मिलते ही अरांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Read More नाले से अज्ञात युवक का शव बरामद, जांच शुरू