मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में ऑटोक्लेव मशीन से निकली भाप, स्टाफ के 3 लोग झुलसे
जनपद के मेडिकल कॉलेज के सरकारी ट्रॉमा सेंटर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्टेरलाइजेशन रूम में ऑटोक्लेव मशीन खोलते समय अचानक गर्म भाप निकलने से 2 से 3 स्टाफ कर्मी झुलस गए।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। जनपद के मेडिकल कॉलेज के सरकारी ट्रॉमा सेंटर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्टेरलाइजेशन रूम में ऑटोक्लेव मशीन खोलते समय अचानक गर्म भाप निकलने से 2 से 3 स्टाफ कर्मी झुलस गए। घटना से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि स्टाफ नियमित प्रक्रिया के तहत ऑटोक्लेव मशीन का संचालन कर रहा था।
इसी दौरान मशीन खोलते समय तेज गर्म भाप का प्रेशर बाहर निकल गया, जिसकी चपेट में आकर तीन कर्मचारी झुलस गए।घटना की सूचना मिलते ही सीएमएस डॉ. नवीन जैन सहित डॉक्टरों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
सभी झुलसे कर्मियों का ट्रॉमा सेंटर में ही इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और मशीन के तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

