तहसीलदार पर रिश्वत लेकर आदेश पलटने का आरोप, डीएम ने बैठाई जांच समिति

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

जनपद की टूंडला तहसील में तैनात तहसीलदार राखी शर्मा पर जमीन विवाद के एक मामले में कथित रूप से धन लेकर आदेश बदलने के गंभीर आरोप लगे हैं।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। जनपद की टूंडला तहसील में तैनात तहसीलदार राखी शर्मा पर जमीन विवाद के एक मामले में कथित रूप से धन लेकर आदेश बदलने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित राकेश कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विशु राजा की अध्यक्षता में दो सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है।

मामला फुलायची गांव निवासी राकेश कुमार की करीब पांच बीघा पैतृक जमीन से जुड़ा है। राकेश का दावा है कि उसके पिता दीनानाथ की मृत्यु के बाद परिजनों ने उसे उत्तराधिकार से वंचित करने की साजिश रची और फर्जी दस्तावेज अदालत में प्रस्तुत किए। वर्ष 2016 में तत्कालीन एसडीएम रविंद्र कुमार ने गांव में पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे और राकेश को दीनानाथ का पुत्र मानते हुए उसके पक्ष में आदेश पारित किया था।

बाद में विपक्षी पक्ष की अपील पर मामला स्थानांतरित होकर टूंडला तहसील पहुंचा, जहां 29 जनवरी 2026 को जारी आदेश में पूर्व एसडीएम के निर्णय को निरस्त करते हुए राकेश को दीनानाथ का पुत्र मानने से इनकार कर दिया गया। आदेश में मुख्य रूप से मतदाता सूची को आधार बनाया गया है। इस निर्णय के बाद राकेश ने तहसीलदार पर मोटी रकम लेकर फैसला देने का आरोप लगाया है। फिलहाल गठित समिति पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।