ग्राम पंचायत में घोटाले के आरोप, सचिव को हटाने की मांग तेज
ब्लॉक नारखी क्षेत्र की ग्राम पंचायत बछगांव राजारामपुर में प्रधान ने पंचायत सचिव पर वित्तीय अनियमितताओं और कार्यों में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। ब्लॉक नारखी क्षेत्र की ग्राम पंचायत बछगांव राजारामपुर में प्रधान ने पंचायत सचिव पर वित्तीय अनियमितताओं और कार्यों में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में सचिव को हटाने की मांग की गई है। वहीं सचिव ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।नारखी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बछगांव राजारामपुर में विकास कार्यों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
ग्राम प्रधान गगन कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पंचायत सचिव कपिल गौतम पर मनमानी, भ्रष्टाचार और भुगतान में अनियमितता के आरोप लगाए हैं। प्रधान का आरोप है कि हाल ही में लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की वास्तविक कीमत लगभग 2100 रुपये प्रति लाइट थी, जबकि पंचायत से करीब 3600 रुपये प्रति लाइट का भुगतान दर्शाया गया। इसके अलावा सीसी सड़क निर्माण कार्य में भी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
बताया गया कि कुछ गलियों में आज भी जलभराव की समस्या बनी हुई है। प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि उनके द्वारा कराए गए सीसी निर्माण, अंबेडकर पार्क में पानी की टंकी की स्थापना, नगला राधे रोड पर नालियों की सफाई तथा जेसीबी से कराए गए सफाई कार्यों सहित अन्य विकास कार्यों का भुगतान पिछले छह माह से लंबित है। उनका कहना है कि अतिरिक्त भुगतान और टैक्स के नाम पर उन्हें गुमराह किया गया।
शिकायत में पंचायत सचिव की कार्यशैली को भ्रष्ट बताते हुए उन्हें हटाकर अन्य सचिव की तैनाती की मांग की गई है। मामले को लेकर ग्रामीणों में चर्चा तेज है और अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अपने करीबी ठेकेदार की फर्म लगाकर ग्राम पंचायत में कार्य कराते हुए उसमें भुगतान कराने के भी आरोप ग्राम प्रधान ने सचिव पर लगाए तथा उन्होंने कहा कि अन्य किसी ठेकेदार द्वारा अगर किसी कार्य को कराया जाता है तो उसका भुगतान नहीं किया जाता है ।
""वहीं पंचायत सचिव कपिल गौतम ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है और सभी कार्य ग्राम प्रधान की सहमति से ही कराए जाते हैं। ""

