नारखी ब्लॉक में आय प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी का आरोप

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

तहसील फिरोजाबाद के अंतर्गत आने वाले नारखी ताल्लुका क्षेत्र में तैनात लेखपाल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि संबंधित लेखपाल द्वारा एक ही व्यक्ति के नाम पर एक ही महीने के भीतर दो अलग-अलग आय प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद (रामपाल चौधरी)। तहसील फिरोजाबाद के अंतर्गत आने वाले नारखी ताल्लुका क्षेत्र में तैनात लेखपाल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि संबंधित लेखपाल द्वारा एक ही व्यक्ति के नाम पर एक ही महीने के भीतर दो अलग-अलग आय प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए, जिससे शासनादेशों की अनदेखी की चर्चा तेज हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव नारखी निवासी विजय सिंह पुत्र चेतराम के नाम से जारी आय प्रमाण पत्रों में आय का विवरण अलग-अलग दर्शाया गया है। एक प्रमाण पत्र 17 जनवरी 2026 को जारी किया गया, जबकि दूसरा 29 जनवरी 2026 को जारी हुआ।

दोनों प्रमाण पत्रों में आय का उल्लेख भिन्न-भिन्न होने से मामले ने तूल पकड़ लिया है। दस्तावेजों के अनुसार, एक प्रमाण पत्र में वार्षिक आय 60 हजार रुपये अंकित बताई गई है, जबकि दूसरे प्रमाण पत्र में वार्षिक आय 46 हजार रुपये दर्शाई गई है। यही नहीं, मासिक आय का विवरण भी अलग-अलग दर्ज है। दोनों प्रमाण पत्रों पर संबंधित लेखपाल की संस्तुति एवं डिजिटल हस्ताक्षर अंकित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि आय प्रमाण पत्र निर्गत करने से पूर्व समुचित जांच और सत्यापन किया जाए, लेकिन यहां एक ही माह में अलग-अलग आय दर्शाकर प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।

इससे राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आय प्रमाण पत्र सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति और अन्य लाभों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है, ऐसे में इस प्रकार की लापरवाही या अनियमितता गंभीर मामला है। वहीं, इस संबंध में जब संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। यदि मामले में जांच होती है तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।

संबंधित समाचार